लक्ष्मीनाथ मंदिर में गूंजे फाग के गीत, फूलों की होली में सराबोर हुए श्रद्धालु
लक्ष्मीनाथ मंदिर में गूंजे फाग के गीत, फूलों की होली में सराबोर हुए श्रद्धालु
पीपाड़ शहर।शहर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में बुधवार को फाल्गुनी उत्सव के तहत 'फूलडोल होली' का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर 'ठाकुर जी' के जयकारों और भजनों की स्वर लहरियों से गुंजायमान रहा।माहेश्वरीसमाज के जितेंद्र धूत ने बताया कि उत्सव की शुरुआत पंडित ओम पुजारी के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात आयोजित भजन कीर्तन में स्थानीय गायकों ने एक से बढ़कर एक फाल्गुनी भजनों की प्रस्तुतियां दीं। होली खेल रहे बांके बिहारी...और आज बिरज में होली रे रसिया..जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूम उठे।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फूलों की होली रही। मंदिर के पुजारी और भक्तों ने ठाकुर जी के विग्रह पर गुलाब और गेंदे के फूलों की वर्षा की। इस आयोजन की खास बात यह रही कि यहाँ सर्व समाज के लोग एक साथ उमड़े। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर और ठाकुर जी का आशीर्वाद लेकर खुशियां बांटीं।दोपहर से ही मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगना शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी फूलडोल महोत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा गया।इस अवसर पर गोविंद मुथा,दीपकजाजू,सतीश चांडक,रितेश दवे,गोविंद साबू, महेश जाजू,पंकज राठी ,पंडित गोपाल ने इस उत्सव को सफल बनाने में योगदान दिया।