बीदासर में होटल मालिक की गोली मारकर हत्या, तीन घायल — क्षेत्र में दहशत का माहौल।
बीदासर में होटल मालिक की गोली मारकर हत्या, तीन घायल — क्षेत्र में दहशत का माहौल।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- चूरू- चूरू के बीदासर कस्बे में मंगलवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। होटल ‘द रॉयल ट्रीट’ में अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें होटल मालिक मुनीराम मंडा की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई। घटना में तीन अन्य निर्दोष लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात अचानक होटल परिसर में गोलियों की आवाज गूंजी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई है।
इस नृशंस हत्या की घटना ने पूरे राजस्थान को झकझोर कर रख दिया है। व्यापारी वर्ग सहित आमजन में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है।
व्यापारी संगठनों एवं नागरिकों ने राज्य सरकार से मांग की है कि—
अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए,
दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए,
प्रदेश में कानून व्यवस्था को प्रभावी रूप से बहाल किया जाए।
क्षेत्र में शांति और न्याय की मांग को लेकर लोगों ने एकजुटता दिखाई है।