माचाड़ी में चतुर्थ विशाल श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से संपन्न, 501 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा।
माचाड़ी में चतुर्थ विशाल श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से संपन्न, 501 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- माचाड़ी- प्राचीन काल में अलवर जिले की राजधानी रहे माचाड़ी कस्बे में ०1 मार्च को युवा श्याम सेवा समिति (रजि.) के तत्वावधान में चतुर्थ विशाल श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव 2026 श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। महोत्सव की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
समिति की ओर से श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी को भामाशाह दिनेश यादव (नयागांव) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन नंगेंश्वर धाम आश्रम से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम श्रीश्री 108 श्रीमहंत माधव दास महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। डीजे की धुन पर 501 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्याम बाबा की आकर्षक झांकी के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली।
कलश यात्रा नंगेंश्वर धाम से प्रारंभ होकर पाटन चौराहा, रैणी चौराहा, बस स्टैंड, मुख्य बाजार, हरिजन व बैरवा बस्ती सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए ठंडे मीठे शरबत व पानी की व्यवस्था की गई। महिलाएं भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रही थीं, जिससे पूरा कस्बा भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
मंदिर प्रांगण में पहुंचने पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। रात्रि में भव्य श्री श्याम जागरण का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। संकीर्तन की शुरुआत गणेश वंदना से हुई।
जागरण में बरेली से पधारे भजन गायक राम श्याम ने “ओ बाबा इतनी कृपा में पाता रहूं”, “तू खाटू बुलाता रहे”, “शुक्रिया-शुक्रिया सांवरे” और “किस्मत वालों के घर श्याम आता है” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं भरतपुर की भजन गायिका तनु फौजदार ने “एक बाबा श्याम है दूसरे हनुमान है” सहित अनेक भक्तिमय भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बजाईं।
कार्यक्रम में बाहर से आए गणमान्य नागरिकों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना की। महोत्सव में हजारों की संख्या में महिला,पुरुष एवं बच्चों ने भाग लेकर श्याम भक्ति का आनंद लिया।