दिल्ली की तर्ज पर जयपुर में भी लगेंगे ट्रैफिक मार्शल, सरकार को भेजा प्रस्ताव।
दिल्ली की तर्ज पर जयपुर में भी लगेंगे ट्रैफिक मार्शल, सरकार को भेजा प्रस्ताव।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाडीअलवर):- जयपुर- जयपुर पुलिस ट्रैफिक नफरी की कमी से जूझ रही है। आबादी बढ़ी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस नहीं। पीक आवर्स में जाम अब भी आम बात है। अब दिल्ली मॉडल पर ट्रैफिक मार्शल भर्ती का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। इस भर्ती के लिए 10वीं पास, ड्राइविंग लाइसेंस वाले आवेदकों का चयन इंटरव्यू से किया जाएगा।
*दिल्ली की तर्ज पर मार्शल नियुक्ति का प्रस्ताव*
जयपुर आयुक्तालय क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए दिल्ली की तर्ज पर ट्रैफिक मार्शल नियुक्त करने का प्लान बनाया गया है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने ट्रैफिक मार्शल की नियुक्ति और चयन की प्रक्रिया का एक पूरा प्रस्ताव सरकार को भेजा है। अगर सरकार इस प्रस्ताव को मंजूर करती है तो जयपुर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है। पीक आवर्स में शहर के अलग-अलग इलाकों में जाम की स्थिति बनती है। स्थानीय व्यक्ति अगर ट्रैफिक मार्शल के रूप में सेवाएं देंगे तो जाम जैसी प्रॉब्लम से निजात मिल सकती है।
*6 हजार रुपए के मानदेय का प्रस्ताव*
पूर्व में नियुक्त ट्रैफिक वार्डन बिना किसी मानदेय के सेवाएं देते थे लेकिन उनकी संख्या काफी कम है। कई बार ट्रैफिक वार्डन भी ट्रैफिक व्यवस्थाएं संभालने में समय नहीं निकाल पाते। ऐसे में इस प्रॉब्लम का सॉल्यूशन निकालने के लिए पुलिस कमिश्नर ने ट्रैफिक मार्शल की भर्ती करने का प्रस्ताव तैयार किया। इस प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि प्रतिदिन ०4 घंटे ड्यूटी देने पर ट्रैफिक मार्शल को 6000 रुपए का मानदेय दिया जाएगा।
