पौष्टिक अनाज योजनान्तर्गत एक दिवसीय कार्यशाला* *'श्रीअन्न हर भोजन की थाली तक पहुंचाने के प्रयास जरूरी'*

 *पौष्टिक अनाज योजनान्तर्गत एक दिवसीय कार्यशाला*


*'श्रीअन्न हर भोजन की थाली तक पहुंचाने के प्रयास जरूरी'*





उदयपुर, 17 दिसम्बर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (एनएफएसएनएम) पौष्टिक अनाज योजनान्र्तगत एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन बुधवार को अनुसंधान निदेशालय सभागार में किया गया। कृषि विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला में जिले के दूर दराज गांवों के लगभग एक सौ किसानों ने भागीदारी की। कार्यशाला में गिर्वा, बड़गांव के अनुसूचित जनजाति कृषकों के अलावा एफ.पी.ओ. व स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निदेशक अनुसंधान डॉ. अरविन्द वर्मा ने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में हमारा देश आत्मनिर्भर है। अब पौष्टिकता से भरपूर भोजन हमारी थाली में शुमार करने का लक्ष्य है। इसके लिए मिलेट्स यानी श्रीअन्न जैसे ज्वार, बाजरा, रागी, कांगणी, कोदो, सांवा, चीना व कुटकी के विभिन्न व्यंजन बनाकर परिवार को अवश्य खिलाएं। उन्होंनें सलाह दी कि हमारे पुरखे श्रीअन्न का भरपूर इस्तेमाल करते थे और हमेशा स्वस्थ रहते थे। हर किसान को उपलब्ध जमीन के 10 से 20 प्रतिशत भूभाग श्रीअन्न उगाने चाहिए व अपने भोजन में शामिल करना चाहिए। डॉ. हेमलता शर्मा आचार्य एवं विभागाध्यक्ष अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन राजस्थान कृषि महाविद्यालय ने श्रीअन्न की खेती के तरीके बताए। साथ ही किसानों को आश्वस्त किया कि जो भी किसान मिलेट्स की खेती करना चाहता हैं, विभाग के माध्यम से मांग करने पर उन्हें बीजों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अतिरिक्त निदेशक कृषि उदयपुर संभाग श्री निरंजन सिंह राठौड़ ने बाजरा और इससे बनने वाले व्यंजनो की जानकारी देते हुए कहा कि बदलते दौर में युवा पीढ़ी को मिलेट्स के फायदे न केवल बताने होगे बल्कि उन्हें एक समय आवश्यक रूप से इसे खिलाना चाहिए।


आचार्य खाद्य एवं पोषण विभाग सीसीएएस डॉ. सरला लखावत ने मिलेट्स से बनने वाले विविध व्यंजन जैसे रोटी, खिचड़ी, पुलाव, इडली, डोसा, उपमा, पोहे, ब्रेड, बेकरी आदि के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में स्वरोजगार की भी विपुल संभावनाएं है। गांवों में महिला स्वयं सहायता समूह मिलेट्स के विविध व्यंजन तैयार कर आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि मिलेट्स के व्यंजन बनाने के इच्छुक ग्रामीण उनके यहां प्रशिक्षण भी ले सकते हैं।


डॉ. पोखर रावल पौध व्याधि विभाग राजस्थान कृषि महाविधालय एवं आर.सी.ए. के पूर्व अधिष्ठाता डॉ. आर. स्वामीनाथन ने मिलेट्स फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट व्याधि व उपचार एवं मित्र कीटों की उपादेयता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। पूर्व उपनिदेशक कृषि श्री गोपाल शर्मा ने कहा कि आज हर आदमी अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत है। पौष्टिकता से भरपूर मिलेट्स मोटापा नियंत्रण, दिल के स्वास्थ्य, मधुमेह प्रबंधन, कैंसर प्रतिरोधकता जैसी क्षमता रखते हैं। किसान मिलेट्स को अपने भोजन में जरूर शामिल करें और आने वाली पीढ़ी को भी इसके लाभ के बारे में बताएं। आरंभ में संयुक्त निदेशक श्री सुधीर कुमार वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। संचालन  महेश व्यास ने किया।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पुलिस पाटन द्वारा हथियार की नोक पर वाहन लूट करवाने वाला अंतर्राज्यीय गैंग का सरगना गिरफ्तार

चोंमू के निकट ग्राम पंचायत कानपुरा के शंभूपुरा गांव में तालाब की भूमि पर कब्जा करने का मामला

सामूहिक विवाह सम्मेलन में धूम धाम व हर्षोल्लास से सम्पन्न हुई 9 जोडो़ की शादी