लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा मलमास में जरूरतमंदों को कंबल वितरण सेवा ही मानव जीवन का सर्वोच्च धर्म : डॉ. नगेंद्र सिंह नाथावत

 लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा मलमास में जरूरतमंदों को कंबल वितरण


सेवा ही मानव जीवन का सर्वोच्च धर्म : डॉ. नगेंद्र सिंह नाथावत



लक्ष्मणगढ़।

लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट, लक्ष्मणगढ़ के तत्वावधान में रविवार 14 दिसंबर 2025 को मलमास के अवसर पर सर्दी से बचाव हेतु जरूरतमंद एवं बेसहारा आमजन के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को राहत पहुँचाकर उसे मुख्यधारा से जोड़ना रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से की गई। इस अवसर पर तोदी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नगेंद्र सिंह नाथावत, ट्रस्ट अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, ट्रस्ट संरक्षक सुभाष जोशी, दीनदयाल जोशी, विश्व हिंदू परिषद से रत्न सिंह बगड़ी, वार्ड पार्षद चांद खां, पुलिस थाना लक्ष्मणगढ़ से सहायक उप निरीक्षक महेश स्वामी, रणवीर सिंह, न्यू टैगोर पब्लिक स्कूल के निदेशक महेंद्र घासोलिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


सबसे पहले ट्रस्ट के संरक्षक सुभाष जोशी ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे विविध सेवा कार्यों एवं जनकल्याणकारी प्रकल्पों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट निरंतर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक राहत पहुँचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।


इसके पश्चात तोदी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नगेंद्र सिंह नाथावत ने अपने संबोधन में ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “यदि मानव जीवन पाकर भी हम सेवा, सहयोग और करुणा का भाव नहीं अपनाते, तो ऐसा जीवन व्यर्थ है। दुखी, बेसहारा और जरूरतमंद का सहारा बनना ही सच्चा मानव धर्म है।”


कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के रत्न सिंह बगड़ी ने भी ट्रस्ट के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए लक्ष्मणगढ़ स्थापना दिवस आयोजन एवं रामगढ़ में निर्माणाधीन विशाल खेल मैदान को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह खेल मैदान भविष्य में शेखावाटी क्षेत्र को खेल प्रतिभाओं के लिए नई पहचान दिलाएगा।


इस अवसर पर लक्खी प्रसाद बदुसरिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके द्वारा ट्रस्ट को बहुत कम लागत पर उच्च गुणवत्ता वाले कंबल उपलब्ध करवाने के सराहनीय योगदान हेतु उन्हें प्रशस्ति पत्र, श्रीमद्भगवद्गीता, श्रीरामचरितमानस एवं ट्रस्ट का दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके साथ आए व्यापारी बंधुओं — श्याम सुंदर मुंदड़ा, भगवती प्रसाद जाजोदिया, रमेश ढंढ, रामवतार नाऊवाला, सुशील शर्मा बलारा सहित सभी को भी ट्रस्ट दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष गुरुजी श्याम सुंदर शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि “लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट का नाम ही सेवा का पर्याय है। यह ट्रस्ट सेवा और ज्ञान के माध्यम से समाज में प्रकाश फैलाने का कार्य कर रहा है।” उन्होंने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम का समापन ट्रस्ट के गीत हमें चाहिए खुशहाली हमें चाहिए हरियाली के साथ किया गया।


कार्यक्रम का सफल संचालन ट्रस्ट प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट संरक्षक प्रकाश पासोरिया, गिरधारी लाल जाजोदिया, शिक्षाविद् संजय जोशी, दिव्यांग प्रकोष्ठ प्रभारी कमल कुमावत, रामपाल कुमावत, रमेश छिंछासवाले, लोकित दईया, रोहित दईया, नासिर तगाला, सुरेंद्र गुर्जर, राजेश (कलु) शर्मा, विजय कुमावत, राम प्रसाद (इल्लू) कुमावत, विवेक तंवर, शशि प्रकाश कुमावत, महेश कुमावत सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में जरूरतमंद लाभार्थी उपस्थित रहे।


👉 यह कार्यक्रम समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को सशक्त करने की दिशा में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट का एक अनुकरणीय प्रयास रहा।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पुलिस पाटन द्वारा हथियार की नोक पर वाहन लूट करवाने वाला अंतर्राज्यीय गैंग का सरगना गिरफ्तार

चोंमू के निकट ग्राम पंचायत कानपुरा के शंभूपुरा गांव में तालाब की भूमि पर कब्जा करने का मामला

सामूहिक विवाह सम्मेलन में धूम धाम व हर्षोल्लास से सम्पन्न हुई 9 जोडो़ की शादी