कला आश्रम में ऋतु राज बसंत उत्सव मनाया
कला आश्रम में ऋतु राज बसंत उत्सव मनाया
उदयपुर संवाददाता विवेक अग्रवाल
कला आश्रम कॉलेज ऑफ परफोर्मिंग आर्टस् उदयपुर द्वारा बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में ऋतु राज बसन्त उत्सव पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फाउण्डेशन के संरक्षक न्यासी डॉ. सरोज शर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
डॉ. सरोज शर्मा ने बताया कि ऋतु राज बसन्त उत्सव कार्यक्रम की शुरूआत माँ सरस्वती वन्दना के साथ प्रारम्भ हुई। इस उत्सव पर राग हंस ध्वनी में माँ सरस्वती के आहवान में वीणा वादिनी का गान डॉ. ममता, डॉ. सुनिता आचार्य, डॉ. नैहा व्यास ने प्रस्तुत किया। इन्द्रदेव आर्य ने हारमोनियम पर एवं नकुल गान्धर्व ने तबले पर संगत की।
राग बहार के साथ ऋतु राज बसन्त को चित्रित करने में संस्था की छात्राओं ने नृत्य गुरू सरोज शर्मा के निर्देशन में माहौल को बसंती रंग में रंग दिया। राग बहार की स्वरलहरियों पर नृत्य संरचना नैहा व्यास, डॉ. ममता, डॉ. सुनिता, हिया द्विवेदी, अक्षिता राजपुरोहित, अनुषा नाहर ने की।
ताल बसंत पर नृत्य अभिव्यक्ति की प्रस्तुति में डॉ. अभिलाषा गर्ग, इप्शिता गर्ग, व स्वर्णा गर्ग ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। कार्यक्रम के संचालन में इन्द्रा कुंवर ने सहयोग दिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें