राष्ट्रीय बाल दिवस पर विधिक साक्षरता शिविरों के माध्यम से बच्चों एवं आमजन को विधिक अधिकारों की दी गई जानकारी
राष्ट्रीय बाल दिवस पर विधिक साक्षरता शिविरों के माध्यम से बच्चों एवं आमजन को विधिक अधिकारों की दी गई जानकारी
राजसमंद / पुष्पा सोनी
राजसमंद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) राजसमंद एवं तालुका विधिक सेवा समिति (TLSC) भीम के संयुक्त तत्वावधान में 14 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा भीम में विभिन्न स्थानों पर विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। इन सभी शिविरों का संचालन PLV पुष्पा सोनी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल, देवनारायण कॉलोनी से हुई, जहां छात्रों व शिक्षकों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल श्रम उन्मूलन, बाल दिवस का महत्व, बाल सुरक्षा, और सामाजिक बुराइयों से मुक्त समाज निर्माण के विषय में जागरूक किया गया। छात्रों के लिए खेल, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन हुआ, जिससे वे विषयों को और बेहतर तरीके से समझ सके।
इसके पश्चात, महात्मा गांधी गवर्नमेंट (अंग्रेज़ी माध्यम) विद्यालय, न्यू विजय कॉलोनी में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया जहां छात्रों को बाल विवाह निषेध, बाल श्रम निषेध, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत एवं विधिक अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों को बाल दिवस के नारों के माध्यम से प्रेरित किया गया और ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ करवाई गईं।
इसके बाद ट्रक चौराहा, देवनारायण कॉलोनी, धर्मेशपुरी, विजयदीप होटल के बाहर, तथा उदयपुर रोड पर विधिक सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में PLV पुष्पा सोनी द्वारा आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सामान्य कानूनों, और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सभी उपस्थित लोगों को विधिक जानकारी से संबंधित पैम्फलेट भी वितरित किए गए।
सभी शिविरों में उपस्थित 270 से अधिक लाभार्थियों ने विधिक जागरूकता प्राप्त की। शिविरों का उद्देश्य बच्चों और आमजन को उनके वैधानिक अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
यह आयोजन DLSA राजसमंद और TLSC भीम की ओर से बाल अधिकारों की सुरक्षा एवं विधिक साक्षरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें