भीम क्षेत्र में विश्व पर्यावरण दिवस पर विधिक सेवा शिविरों के माध्यम से 400 से अधिक आमजन जागरूक
भीम क्षेत्र में विश्व पर्यावरण दिवस पर विधिक सेवा शिविरों के माध्यम से 400 से अधिक आमजन जागरूक
भीम, राजसमंद / पुष्पा सोनी
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 05 जून 2025 को तालुका विधिक सेवा समिति, भीम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान में भीम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों — टोगी गांव, ग्राम पंचायत कार्यालय टोगी, जलपा, ट्रक चौराहा, उदयपुर रोड, ब्यावर रोड, मनरेगा कार्य क्षेत्र एवं आस-पास के ग्रामीण इलाकों में विधिक सेवा जागरूकता शिविरों का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इन शिविरों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को सजग करते हुए विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी विस्तार से दी गई।
प्रत्येक शिविर में स्थानीय नागरिकों को न केवल विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व के बारे में बताया गया, बल्कि पौधारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक उन्मूलन जैसे मुद्दों पर व्यवहारिक सुझाव भी दिए गए। टोगी गांव और ग्राम पंचायत कार्यालय टोगी में आयोजित प्रथम शिविर में 150 से अधिक ग्रामीणों ने सहभागिता की, जहां उन्हें लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। इसके बाद जलपा और ट्रक चौराहा क्षेत्र में 120 से अधिक आमजन को पर्यावरणीय चेतना के साथ उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराया गया।
ब्यावर रोड और उदयपुर रोड पर लगे शिविरों में 70 से अधिक नागरिकों को 'प्लास्टिक मुक्त भारत' अभियान की जानकारी देते हुए पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को समझाया गया। वहीं, मनरेगा कार्य क्षेत्र एवं आसपास के गांवों में लगभग 60 ग्रामीणों और श्रमिकों को विशेष रूप से जल संरक्षण और विधिक सहायता सेवाओं से जोड़ा गया।
इन सभी शिविरों का संचालन PLV पुष्पा सोनी द्वारा किया गया, जिन्होंने अथक प्रयासों से 400 से अधिक आमजन को जागरूक किया और प्रत्येक स्थान पर पैंफलेट वितरित कर उपयोगी जानकारी पहुंचाई। यह प्रयास न केवल पर्यावरण के प्रति चेतना बढ़ाने में सहायक रहा, बल्कि ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं से भी सशक्त रूप से जोड़ा गया। राजसमंद जिले में इस समर्पित पहल ने एक अनुकरणीय संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण और विधिक जागरूकता दोनों ही सशक्त समाज की नींव हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें