फूलों की होली और भगवान का अभिषेक कर मनाया गौर पूर्णिमा महा महोत्सव भक्तों का उमडा सैलाब खेली फूलों की होली हरे कृष्ण मूवमेंट का भव्य आयोजन
फूलों की होली और भगवान का अभिषेक कर मनाया गौर पूर्णिमा महा महोत्सव
भक्तों का उमडा सैलाब खेली फूलों की होली
हरे कृष्ण मूवमेंट का भव्य आयोजन
उदयपुर, 26 मार्च। हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण-कृष्ण हरे हरे हरे राम हरे राम राम-राम हरे हरे, गौरांग निताई गौरांग गौरांग हरि बोल हरि बोल के मंत्र उच्चारण के साथ सोमवार को भूपालपुरा स्थित हरे कृष्ण मूवमेंट मंदिर प्रांगण में गौर पूर्णिमा महोत्सव फूलों की होली खेल कर और भगवान का अभिषेक कर मनाया गया। इस अवसर पर गौर पूर्णिमा महा महोत्सव का प्रारंभ संकल्प मंत्र के साथ हरे कृष्ण कीर्तन से हुआ। तत्पश्चात् भगवान का पंचगव्य पंचामृत फलों के रस विभिन्न प्रकार के मनमोहक आकर्षक फूलों से गौरांग निताई का महा अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान ब्रह्म संहिता का वाचन निरंतर किया जा रहा था। भक्ति रस के इस आयोजन में हरे कृष्ण मूवमेंट मंदिर के प्रभारी ऋषिकेश दास ने गौर पूर्णिमा महोत्सव का महत्व बताते हुए चैतन्य महाप्रभु के आगमन की कथा सुनाई। उन्होंने मंदिर प्रांगण में उपस्थित सैकड़ो भक्तों को हरि कथा से प्रेम करने की विधि और भगवान से प्रेम करने की विधि बताते हुए हरे कृष्ण महामंत्र जप करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कलयुग में हरे कृष्ण महामंत्र ही सबसे सर्वश्रेष्ठ मंत्र है जिससे कलयुग के विनाशकारी प्रभाव से बच सकते है। चैतन्य महाप्रभु की कथा के बाद भगवान गौरांग निताई का बहुत ही आकर्षक श्रृंगार किया। भगवान की महा आरती मंदिर प्रभारी ऋषिकेश दास प्रभु ने की। सैकड़ो की संख्या में उपस्थित भक्तो ने भगवान को पुष्प अर्पित कर भगवान के साथ फूलों की होली खेलते हुए आपस में फूलों की होली खेली और कीर्तन के साथ झूम झूम कर भक्ति भाव के साथ भगवान को प्रसन्न करने का यत्न किया। कीर्तन टीम ने कीर्तन से सभी को भक्ति रस में डुबो दिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें