रक्षाबंधन धानमंडी कांग्रेस मीडिया सेंटर पर मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि, शोक प्रस्ताव पारित
रक्षाबंधन धानमंडी कांग्रेस मीडिया सेंटर पर मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि, शोक प्रस्ताव पारित
उदयपुर ।
'रक्षाबंधन', धानमंडी स्थित कांग्रेस मीडिया सेंटर पर आज एक शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनकी स्मृति में शोक प्रस्ताव पारित किया गया।
सभा में शर्मा ने डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन और कार्यशैली हर नेता और नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सादगी, विद्वता और देशभक्ति ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी।
शर्मा ने कहा, "डॉ. मनमोहन सिंह ज्ञान, बड़प्पन और विनम्रता के प्रतीक थे। उन्होंने अपने पूरे दिल और दिमाग से देश की सेवा की। वे कांग्रेस पार्टी के लिए मार्गदर्शक प्रकाशपुंज थे।" डॉ. सिंह ने 2004 से 2014 तक अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान भारत के विकास और प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कई आर्थिक और सामाजिक सुधार हुए, जिन्होंने देश को सशक्त बनाया।
उन्होंने ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश के लोग डॉ. सिंह की नेतृत्व क्षमता, सादगी और दूरदर्शी दृष्टिकोण को हमेशा याद करेंगे। उनके विचार और परामर्श भारत की प्रगति और विकास में अनमोल योगदान के रूप में अमर रहेंगे।
सभा के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मों. इलियास, जमना गिरी, लाला बापू, नरेन्द्र जैन, मुकेश शर्मा, डॉ. संदीप गर्ग, चतरू देवासी, राजेश साहु सहित कई गणमान्य उपस्थिति थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें