दीपावली मेले का रंगारंग आगाज लगे झूले, सजी दुकानें पहले दिन स्मार्ट सिटी उदयपुर की प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा झूमे दर्शक



 दीपावली मेले का रंगारंग आगाज

लगे झूले, सजी दुकानें

पहले दिन स्मार्ट सिटी उदयपुर की प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा

झूमे दर्शक

उदयपुर जनतंत्र की आवाज विवेक अग्रवाल। नगर निगम उदयपुर द्वारा सोमवार को दीपावली मेले का शुभारंभ किया गया। नगर निगम द्वारा आयोजित हो रहे दीपावली मेले का रंगारंग आगाज सोमवार की संध्या को निम्बार्क पीठ अस्थल आश्रम के मेवाड महामण्डलेश्वर श्री रासबिहारी शरण के पावन सानिध्य के साथ ही कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, समाजसेवी रवींद्र श्रीमाली, फतह सिंह राठौड़, महापौर गोविंद सिंह टांक, जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, निगम आयुक्त राम प्रकाश, उपमहापौर पारस सिंघवी आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मास्टर बुलबुल बैंड द्वारा स्वागत धुन प्रस्तुत कि गई। कार्यक्रम के दौरान निगम आयुक्त राम प्रकाश उप आयुक्त दिनेश मंडोवरा एवं पुलिस के आला अधिकारी भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने उदयपुर की स्थानीय प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। मंत्री खराड़ी ने कहा कि यह शहर नैसर्गिक सौंदर्य से भरपूर है, यहां की प्रतिभाएं भी अपनी कलाओं के माध्यम से देश और दुनिया में अलग स्थान रखती है। नगर निगम प्रतिवर्ष उभरती हुई प्रतिभाओं को यह मंच उपलब्ध करवाता है जो सराहनीय कार्य है। इसी मंच के माध्यम से यह प्रतिभाएं अपने प्रदर्शन में सुधार कर आगे की ओर अग्रसर होती है।

नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष व मेला संयोजक चंद्रकला बोल्या ने बताया कि नगर निगम द्वारा आयोजित किए जाने वाले दीपावली मेले के उद्घाटन समारोह में महापौर गोविंद सिंह टांक, उपमहापौर पारस सिंघवी द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया। महापौर टांक ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि नगर निगम का कार्य केवल सड़क, रोड लाइट और पानी की व्यवस्था करना होता है लेकिन राजस्थान में उदयपुर नगर निगम ही एकमात्र ऐसी निगम है जो जनहित के कई कार्य संपादित करवाती है । स्मार्ट सिटी के अंतर्गत शहरकोट के भीतर विकास कार्य के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि एक नए उदयपुर का निर्माण हो रहा है।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर रास बिहारी शरण शास्त्री ने कहा कि नगर निगम द्वारा ऐसे मेलो को आयोजित करके हिंदुस्तान की संस्कृति को जीवित रखने का अनूठा प्रयास किया जा रहा है। हमारी आने वाली पीढ़ी इसी कार्यों के माध्यम से हमें याद रखेगी। आने वाला भविष्य उदयपुर के लिए बहुत अच्छा है हमें अपना नैतिक दायित्व निभाते हुए इसके विकास में भागीदार बनना होगा।

कार्यक्रम में नगर निगम उप महापौर पारस सिंघवी ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत कर शहरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों में अभूतपूर्व सहयोग दिया जा रहा है। निगम हमेशा उदयपुर की जनता के हित को ध्यान में रखते हुए हर कार्य संपादित करती है एवं उदयपुर के विकास को लेकर ही निगम अपने कार्य तय करती है। निगम द्वारा वर्तमान में कई विकास कार्य उदयपुर में संपादित करवाए जा रहे हैं जो जल्द ही पूरे होने वाले हैं। 

दीपावली मेला 2024 में मेलार्थियों के मनोरंजन के लिए नगर निगम प्रांगण में ही विभिन्न प्रकार के छोटे बड़े 15 झूले लगाए हैं, मेला प्रांगण में 300 दुकानें लगाई गई है, जिसमें खाने-पीने से लेकर कपड़े, जूते, मनिहारी, घर के साज सज्जा के सामान उपलब्ध हो रहे हैं इसके साथ ही विभिन्न राज्यों की अलग अलग कलात्मक वस्तुओं का प्रदर्शन भी किया गया है। दीपावली मेला इस बार भी 15 दिन का रखा गया है जिसमें 21 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उसके बाद भी मेला 4 नवंबर तक यथावत चलता रहेगा।

नगर निगम दीपावली मेला प्रेस समिति के अध्यक्ष छोगालाल भोई ने बताया कि प्रथम दिन स्थानीय प्रतिभाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों ने शहरवासियों की शाम को यादगार बना दी। मेले के प्रथम दिन स्मार्ट सिटी उदयपुर की 22 प्रतिभाओं ने अपनी कला व प्रदर्शन से उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मेले के प्रारंभ में सांस्कृतिक कार्यक्रम की धमाकेदार शुरुआत नन्ही तन्वी वंदना की गणपति वंदना के डांस से हुई। उसके बाद रिद्धिमा माहेश्वरी ने सेमी क्लासिकल डांस से समा बांध दिया। मेले में तीसरी प्रस्तुति उस नन्ही कलाकार से हुई जिसको कुदरत ने रोशनी भले ही कम दी है लेकिन कंठ में मां सरस्वती का वास दिया है। आराध्या वैष्णव ने अजीब दास्तां है ये कहा शुरू कहा खतम गाना गाकर उपस्थित दर्शकों के दिलों को झकझोर दिया। लगातार तीन प्रस्तुतियों के बाद राष्ट्रीय डांस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले यश राज वर्मा अपने धमाकेदार डांस से सबको रोमांचित कर दिया। राजस्थान पुलिस योग टीम द्वारा दी गई एक्रो योगासन की धमाकेदार प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को अचंभित कर दिया, इसके बाद आरक्षी पटेल और प्रभात गरासिया ने जब संगीत के सुर छेड़े तो ऑडियंस साथ में गुनगुनाने लगी। स्थानीय प्रतिभागियों की लगातार एक से बढ़ कर एक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को बांध के रखा एवं सभी को मंत्रमुग्ध किया।

आज भी स्थानीय उभरते सितारों को मिलेगा मौका।

नगर निगम द्वारा टाउन हॉल में आयोजित हो रहे दीपावली मेले में आज भी स्थानीय उभरते सितारों को अपनी प्रतिभाओ की प्रस्तुतियां प्रस्तुत करने हेतु मौका दिया जाएगा। सोमवार की तरह आज भी स्थानीय कलाकार संगीत व डांस की प्रस्तुतियां देंगे। शहर के उभरते कलाकारों को मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से निगम इस मेले में स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी प्रस्तुति करने का मौका देती है।

दुल्हन की तरह सजा जिगम कार्यालय।

दीपावली मेले के अवसर पर पूरे निगम कार्यालय टाउन हॉल पर विद्युत सज्जा कर दुल्हन की तरह सजाया गया है। कलाकारों को प्रस्तुति के लिए ऊंचा स्टेज बनाया गया है जिससे दूर दूर तक दर्शकों का मनोरंजन हो सके। मेले में विशेष एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है जिससे पीछे बैठने वाले दर्शक भी आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुफ्त ले सके।

महापौर, आयुक्त, उपमहापौर ने शहरवासियों को किया आमंत्रित।

नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि शहर की जनता दीपावली मेले में प्रस्तुत होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर उत्साहित हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान शहर की जनता का उत्साह चरम पर रहता है। नगर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक, आयुक्त राम प्रकाश, उप महापौर पारस सिंघवी, उप आयुक्त दिनेश मंडोवरा ने शहर की जनता को दीपावली मेले में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में निमंत्रित किया है। सभी नागरिक मेले में स्वच्छ मनोरंजन का अवश्य लुफ्त लेवे।

उपस्थित रहे सभी समिति अध्यक्ष एवं पार्षद।

नगर निगम द्वारा आयोजित हो रहे दीपावली मेले के अवसर पर निगम के सभी विभिन्न समितियों के अध्यक्ष वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। दीपावली मेले को लेकर शहरवासियों में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। निगम द्वारा मेले की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया है, सभी समिति अध्यक्ष एवं उनके सहयोगी मेले की व्यवस्थाओं को संभालने में देर रात तक लगे रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पुलिस पाटन द्वारा हथियार की नोक पर वाहन लूट करवाने वाला अंतर्राज्यीय गैंग का सरगना गिरफ्तार

चोंमू के निकट ग्राम पंचायत कानपुरा के शंभूपुरा गांव में तालाब की भूमि पर कब्जा करने का मामला

श्री के. सी. ए. अरुण प्रसाद को वन्यजीव प्रभारी बनाए जाने पर विभागीय समिति ने दी बधाई