पूरे रास्ते पुष्प वर्षा से किया स्वागत गायरियावास से भी निकली अक्षत कलश शोभायात्रा
पूरे रास्ते पुष्प वर्षा से किया स्वागत
गायरियावास से भी निकली अक्षत कलश शोभायात्रा
विवेक अग्रवाल
उदयपुर संवाददाता (जनतंत्र की आवाज) 31 दिसंबर। विवेकानंद नगर शाखा की ओर से रविवार को विश्वविद्यालय मार्ग स्थित बेकनी पुलिया चौराहे से विक्रमादित्य चौराहे तक भव्य शोभायात्रा के रूप में पवित्र नगरी अयोध्या से आये अक्षत कलश यात्रा शोभायात्रा के रूप में निकाली गयी। बस्ती संयोजक अजय बडाला ने बताया कि 500 वर्ष बाद आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में हम सभी के आराध्य भगवान राम मंदिर का लोकार्पण होने जा रहा रहा है। इस दिवस को पूरे देश में हर घर अयोध्या व हर मंदिर राम मंदिर के रूप में दीपावली के उत्सव की तरह मनाया जायेगा। पूरे देश में हर वर्ग की भागीदारी हो इसके लिए हर घर में अयोध्या से आये अक्षत भेंट कर 22 जनवरी को अपने घर पर केसरिया पताका फहराने व घरों के बाहर पांच दिपक जलाने का संकल्प लिया जायेगा। सह संयोजक अर्जुन मेघवाल ने बताया कि शोभायात्रा का पूरे रास्ते पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया व महिलाओं द्वारा अक्षय पात्र की पूजा अर्चना की गयी। नरेन्द्र चौधरी ने बताया कि शोभायात्रा के आगे डीजे पर बज रहे भगवान राम के भजनों पर महिला एवं कार्यकर्ता नाचते गाते चल रहे थे। सभी ने अपने गले में केसरिया दुपटट्ा व हाथों में केसरिया पताका लिये हुए चल रहे थे। इस अवसर पर नंदकिशोर बागोरा, नितिन चितौड़ा, भरत वैष्णव, चेतन वैष्णव, रतन जी, राजेश चितौडा, कृष्णकांत कुमावत सहित कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
इसी तरह उदयपुर शहर के गायरियावास क्षेत्र में भी समर्थ गुरु रामदास उत्सव समिति की ओर से भव्य अक्षत कलश शोभायात्रा ढोल नगाड़ों की धूमधाम के साथ निकाली गई। इस यात्रा में महिला और पुरुष लगभग 200 से अधिक की संख्या में जोश उत्साह के साथ चल रहे थे। भक्तगण अक्षत कलश शोभायात्रा के दर्शन के लिए उमड रहे थे। क्षेत्र की महिलाओं में कलश को सिर पर धारण करने के लिए होड़ मच रही थी सभी भगवान राम के मंदिर प्रतिष्ठा को लेकर उत्साहित थे शोभा यात्रा में भक्तगण केसरिया ध्वज लहराते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा के दोनों तरफ भक्तगण दर्शन के लिए उतावले हो रहे थे। जगह-जगह अक्षत कलश शोभायात्रा की आरती और पूजा अर्चना की गई। 'जय श्री राम' 'जय श्री राम' का जय घोष चहूं और गूंज रहा था।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें