मतदान बूथ पर दिखेगी पर्यटन-कला-संस्कृति और पर्यावरण प्रेम की झलक
मतदान बूथ पर दिखेगी पर्यटन-कला-संस्कृति और पर्यावरण प्रेम की झलक
उदयपुर, 16 नवम्बर। लोकतंत्र के उत्सव को सतरंगी बनाने तथा आमजन को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने के लिए भारत निर्वाचन आयोग नित नए नवाचार कर रहा है। हर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं, युवाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष बूथ स्थापना के साथ ही अब हर विधानसभा में उस क्षेत्र के पर्यटन, कला, संस्कृति की थीम पर आधारित बूथ भी तैयार किया जाएगा। साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र में इको फ्रेण्डली बूथ भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा विशिष्ठ बूथों पर सेल्फी पोईंट भी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त और भी कई नवाचार किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को निर्वाचन प्रक्रिया से अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जा सके।
बूथ पर जीवंत होगी कला-संस्कृति
भारत निर्वाचन आयोग ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वहां के पर्यटन स्थल, दर्शनीय स्थल, स्थापत्य कला-संस्कृति पर आधारित विशिष्ठ मतदान केंद्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसमें बूथ पर संबंधित क्षेत्र के विशिष्ट स्थल, कला और लोक संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने पर्यटन विभाग से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची प्राप्त कर जारी कर दी है। साथ ही संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को उक्त पर्यटन स्थलों के आधार पर थीम बेस मतदान केंद्र स्थापित करने के लिए निर्देशित किया है।
सेल्फी अपलोड करने पर मिलेगा डिजिटल सर्टिफिकेट
आयोग ने विशिष्ठ बूथों पर सेल्फी पोईंट भी स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इन पॉइंट पर सेल्फी लेकर सीईओ राजस्थान की वेबसाइट पर अपलोड करने पर संबंधित मतदाता को मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान की ओर से डिजिटल सर्टिफिकेट भी जारी किया जाएगा। सेल्फी पॉइंट पर उक्त सूचना भी प्रदर्शित की जाएगी।