समेकित सामाजिक विकास के लिए मिलकर काम करेंः हल्दर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग उपाध्यक्ष का उदयपुर में भव्य स्वागत - राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक की ली समीक्षा बैठक
समेकित सामाजिक विकास के लिए मिलकर काम करेंः हल्दर
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग उपाध्यक्ष का उदयपुर में भव्य स्वागत
- राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक की ली समीक्षा बैठक
उदयपुर, 3 फरवरी। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष (प्रभारी अध्यक्ष) अरूण हल्दर ने कहा कि समेकित सामाजिक विकास ही विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहा है। इसलिए आवश्यक है कि सभी संस्थाएं मिलकर काम करते हुए इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयास करें।
हल्दर शनिवार को अपने उदयपुर प्रवास के दौरान होटल द ललित में राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संघर्ष और चुनौतियों का समय व्यक्ति के जीवन में उसे निखारने के लिए आता है और सतत अनुशासन एवम् प्रयासों से ही चुनौतियों से जीता जा सकता है। सरकार और आयोग की मंशा अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का उत्थान है और यही तभी संभव है, जब इसके सभी घटक आपसी सांमजस्य के साथ काम करते हुए आगे बढ़े। बैंक अधिकारियों ने श्री हल्दार को गत वर्षों में व्यवसाय वृद्धि एवम् अपनी परफॉर्मेंस से अवगत करवाया। श्री हल्दर ने ग्रामीण क्षेत्र में आधारभूत बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने में बैंक के प्रयासों की सराहना की। श्री हल्दर ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवम् उत्थान में बैंक द्वारा किए गए कार्यों एवम् सरकार द्धारा प्रभावी आरक्षण सम्बन्धित प्रावधानों की अनुपालना की समीक्षा की।
बैठक में आयोग से पधारे डी के साहू और अमोल गिरी सहित राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक के चैयरमैन मुकेश भारतीय, महाप्रबंधक आरके गुप्ता, धीरेंद्र जिनगर, सुनील चावला, राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण समिति के प्रेट्रोन अशोक मीणा सहित सभी वरिष्ठ बैंक अधिकारीगण, कर्मचारी कल्याण समिति तथा राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक अनुसूचित जाति एवं जनजाति कर्मचारी कल्याण संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रारंभ में श्री हल्दर के उदयपुर पहुंचने पर बैंक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कई संगठनों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे। श्री हल्दर ने प्रत्येक समस्या को तसल्ली से सुना तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया।

