सांसद नीरज डांगी की अनुशंषा पर रेवदर क्षेत्र में 10 करोड़ की लागत वाली 9 जल संग्रह परियोजनाएँ स्वीकृत
सांसद नीरज डांगी की अनुशंषा पर रेवदर क्षेत्र में 10 करोड़ की लागत वाली 9 जल संग्रह परियोजनाएँ स्वीकृत
✍️ दिनेश मेघवाल
आबूरोड। सांसद नीरज डांगी की अनुशंषा पर राज्य सरकार द्वारा रेवदर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी जल संचय अवधारणा के तहत 10 करोड़ की लागत से रेवदर क्षेत्र की 4 पंचायत समितियों में 9 जल संग्रह परियोजनाएँ स्वीकृत की गई है, जिससे इस क्षेत्र की पेयजल एवं सिंचाई की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। विगत दिनों ग्रामीणों द्वारा सांसद नीरज डाँगी से मिलकर गाँव पादरू खेड़ा, भैंरूगढ़, सालोतरा एवं भटाणा में पेयजल व सिंचाई हेतु पानी की भारी समस्याओं से अवगत कराकर इस समस्या का समाधान कर इस क्षेत्र की जीवन रेखा को बदलने हेतु भागीरथी प्रयास करने का आग्रह किया गया था। सांसद डांगी ने बताया कि वे सदैव क्षेत्र की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये हुए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के आग्रह पर उक्त परियोजनाओं के प्रस्ताव जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा तैयार करवाकर राज्य सरकार को भिजवाये गये थे, जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए राज्य सरकार द्वारा 10 करोड़ रूपये की लागत से 9 जल संग्रह परियोजनाएँ स्वीकृत की गई है उन्होंने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं में पंचायत समिति मारोल के पादरूखेड़ा गांव में 192 लाख रूपये की लागत से 2 एनीकट का निर्माण, भैंरूगढ़ पंचायत समति में 81.90 लाख की लागत से 2 एनीकट दत्ताणी पंचायत के सालोतरा में 45 लाख रूपये की लागत से एक एनीकट भटाणा पंचायत समति के भटाणा गांव में 147 लाख की लागत से 2 एनीकट का निर्माण एवं 480 लाख रूपये की लागत से 2 लघु सिंचाई परियोजनाएँ सम्मिलित है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में सदैव के लिए पेयजल एवं सिंचाई की समस्या का समाधान हो सकेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें